गुरु पूर्णिमा पर राशि अनुसार करें दान और ध्यान, जीवन में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के लिए माने जाते हैं ये उपाय

0 3

गुरु पूर्णिमा का पर्व भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा में विशेष महत्व रखता है। इस दिन गुरु, ज्ञान और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के प्रति श्रद्धा व्यक्त की जाती है। मान्यता है कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धा भाव से दान, पूजा और ध्यान करने से मन को शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं।

ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, इस दिन अपनी राशि के अनुसार दान और साधना करने से विशेष फल प्राप्त होने की बात कही जाती है। हालांकि, ये धार्मिक और आध्यात्मिक मान्यताएं हैं, जिनका उद्देश्य आस्था और आत्मिक शांति से जुड़ा होता है।

मेष और वृश्चिक राशि वाले – इस दिन अपने गुरु के साथ रुद्रावतार हनुमान जी का ध्यान करें, कारण मेष और वृश्चिक राशि का राशि स्वामी ग्रह मंगल है, मंगल ग्रह की अनुकूलता और कार्यों की सिद्धि के लिए गुरु पूर्णिमा पर हनुमान जी का ध्यान कर हनुमान चालीसा, सुन्दरकाण्ड का पाठ करें, हनुमान जी को भोग लगाकर सेब, गुड़, बादाम, तरबूज, मोतीचूर के लड्डूओं का वितरण एवं दान करें। ऐसा करने से विपरीत ग्रहदशा की प्रतिकूलता का शमन होगा।

वृष और तुला राशि के लिए उपाय – वृष और तुला राशि वाले गुरु पूर्णिमा के दिन महर्षि वेदव्यास और माता लक्ष्मी का ध्यान करें, इन दोनों राशियों का ग्रह स्वामी शुक्र और अधिष्ठात्री देवी माता महालक्ष्मी हैं। मेवा-मिसरी, दूध से बनी मिठाईयों का भोग लगाकर दान करने से आर्थिक स्थिरता एवं समृद्धि आती है।

मिथुन और कन्या राशि के लिए उपाय – मिथुन और कन्या राशि वाले गुरु पूर्णिमा के दिन अपने गुरु को ध्यान करने के साथ-साथ गणेश जी का ध्यान अवश्य करें। वैसे भी प्रत्येक राशि वालों को किसी भी भगवान की पूजा से पहले विघ्नहर्ता गणेश जी का ध्यान करना आवश्यक है।

कर्क राशि के लिए उपाय – कर्क राशि वाले गुरु पूर्णिमा के दिन राशि के स्वामी चन्द्रदेव के साथ शिव जी का ध्यान करें। आदिगुरु शिव को नमन करने के पश्चात् शिव मंदिर में एक नारियल को तोड़कर उसका जल शिव को अर्पण करें, ऐसा प्रतिदिन करने से दुर्भाग्य दूर होगा। चीनी, चावल का दान पूर्णिमा पर अवश्य करें।

सिंह राशि के लिए उपाय – सिंह राशि के जातक गुरु पूर्णिमा के दिन सूर्य देव का ध्यान करें, क्योंकि राशि का स्वामी सूर्य है, इसलिए आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ बेहद लाभदायक और सेब, अनार, गेंहू, ताम्बा, लाल मिष्ठान, लाल वस्त्र जैसी वस्तुओं का दान संकटनाशक है।

धनु और मीन राशि के लिए उपाय – धनु और मीन राशि वाले जातक अपने गुरु भगवान के साथ भगवान विष्णु का ध्यान करें, इन दोनों राशियों के स्वामी स्वयं देवगुरु बृहस्पति हैं, जो देवताओं के गुरु हैं। इस दिन विद्यार्थियों को शिक्षा संबंधित वस्तुऐं, कॉपी, पेंसिल आदि भेंट करें, ऐसा करने से उनके अन्तर्मन में स्थित आदिगुरु का आशीर्वाद आपके बिगड़े कार्यों को बनाएगा।

मकर और कुम्भ राशि के लिए उपाय – मकर और कुम्भ राशि के जातकों के राशि स्वामी शनिदेव हैं, अतः शनिदेव के गुरु भगवान शिव का ध्यान करने से ग्रहजनित कष्टों से मुक्ति मिलती है। गुरु पूर्णिमा के दिन गुरु आज्ञा समझकर अपनी शक्ति, सामर्थ्य अनुसार गरीबों को भोजन आदि करवाकर उनके उपयोग की वस्तुओं का दान लाभदायक है।

गुरु पूर्णिमा पर केवल दान ही नहीं, बल्कि गुरुजनों का सम्मान, जरूरतमंदों की सहायता और सकारात्मक विचारों के साथ ध्यान करना भी महत्वपूर्ण माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन किए गए अच्छे कार्य जीवन में शुभ ऊर्जा और मानसिक संतुलन लाने में सहायक होते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.